Rajya Sabha Elections: भाजपा से आदित्य साहू को राज्यसभा टिकट, कांग्रेस-झामुमो में सन्नाटा; उथलपुथल की आहट
Jharkhand Rajya Sabha Elections भाजपा की ओर से आदित्य साहू राज्यसभा जाएंगे। पार्टी ने उन्हें राज्यसभा चुनाव में झारखंड से उन्हें उम्मीदवार बनया है। झारखंड में सत्ता पक्ष के उम्मीदवार पर सस्पेंस बना हुआ है। हेमंत सोरेन ने भी कांग्रेस-झामुमो के प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Rajya Sabha Elections राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तमाम बड़े चेहरों से इतर भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू पर भरोसा जताया है। भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने रविवार को राज्यसभा के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची में महाराष्ट्र के साथ-साथ झारखंड से आदित्य साहू के नाम की घोषणा की। लंबे समय से भाजपा से जुड़े रहे आदित्य साहू ने पिछली कार्यकारिणी में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी का निर्वहन किया था। बता दें कि भाजपा में राज्य कार्यकारिणी के आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारियों ने राज्यसभा के लिए अपनी दावेदारी की थी। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और वर्तमान राज्यसभा सदस्य महेश पोद्दार का भी नाम चर्चा में था। लेकिन इन सबसे इतर पार्टी ने गैर विवादित चेहरे आदित्य साहू पर भाजपा ने दांव लगाया है।

राज्यसभा चुनाव : आदित्य साहू होंगे भाजपा के उम्मीदवार
आदित्य साहू प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की भी पसंद बताए जाते हैं। दो दिन पूर्व हजारीबाग में हुई भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में भी आदित्य साहू की सक्रियता ने उनकी दावेदारी को पुख्ता कर दिया था। बात दें कि झारखंड में राज्यसभा चुनाव को जीतने के लिए भाजपा के पास पर्याप्त बहुमत नहीं है। चुनाव में स्पष्ट जीत के लिए 28 विधायकों के समर्थन की आवश्यकता है लेकिन भाजपा के मौजूदा विधायकों की संख्या 26 ही है। ऐसे में चुनाव में जीत के लिए भाजपा को अपने सहयोगी आजसू की मदद लेनी ही होगी। आदित्य साहू जैसे नाम पर आजसू को भी कोई आपत्ति नहीं होगी। यही वजह रही कि तमाम चेहरों से इतर भाजपा ने आदित्य साहू को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। वे 31 मई को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
झामुमो-कांग्रेस का सस्पेंस बरकरार, हेमंत दिल्ली से लौटे
राज्यसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम पर झारखंड में सत्तारूढ़ गठबंधन अभी तक किसी फैसले पर नहीं पहुंच पाया है। यह तय नहीं हो पाया है कि प्रत्याशी झामुमो से होगा अथवा कांग्रेस से। उधर कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वापस लौट चुके हैं। उन्होंने शनिवार को देर रात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर के साथ सोनिया गांधी से मिलकर राज्य की स्थिति से अवगत कराया था। हेमंत सोरेन ने रविवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस प्रमुख से सकारात्मक वार्ता हुई है। जल्द ही प्रत्याशी के नाम की घोषणा होगी। वे इस संदर्भ में झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन से बातचीत करेंगे।
ऊहापोह में झामुमो, शिबू सोरेन दिखाएंगे रास्ता
इससे पहले झामुमो की कार्यकारिणी बैठक में पार्टी ने अपने उम्मीदवार के लिए दबाव बनाया था। कयास लगाया जा रहा है कि सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद झामुमो कांग्रेस के प्रत्याशी के लिए स्वीकृति दे सकती है। कांग्रेस से राज्यसभा प्रत्याशी के लिए रेस में कई नाम चल रहे हैं। रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत पूर्व केंद्रीय मंत्री गुलाम नबी आजाद और वरिष्ठ नेता अजय माकन का नाम सामने आया। पूर्व सांसद डा. अजय कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और फुरकान अंसारी भी रेस में हैं। संभावना है कि सोमवार को सत्तारूढ़ गठबंधन की तरफ से उम्मीदवार के नाम का एलान कर दिया जाएगा।
लोकतांत्रिक मोर्चा पर भी रहेगी नजर
राज्यसभा चुनाव के दौरान गठित पांच विधायकों के झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा पर भी नजर रहेगी। हालांकि मोर्चा से जुड़े विधायक सरयू राय ने कहा कि यह विधानसभा के भीतर मुद्दों को उठाने के लिए गठित किया गया था। राज्यसभा चुनाव में इसकी कोई भूमिका नहीं होगी। किसी विधायक ने संपर्क भी नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि झारखंड लोकतांत्रिक मोर्चा के नेता आजसू प्रमुख सुदेश महतो हैं। सुदेश महतो के नेतृत्व वाली आजसू पार्टी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है। ज्यादा संभावना है कि वे भाजपा प्रत्याशी का साथ देंगे। तीन अन्य विधायक भी अपने-अपने स्तर पर निर्णय लेंगे। इसमें निर्दलीय सरयू राय, अमित यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कमलेश कुमार सिंह शामिल हैं।
झारखंड विधानसभा की स्थिति
- झामुमो - 30
- भाजपा - 25
- कांग्रेस - 16
- झाविमो - 02
- आजसू पार्टी - 02
- सीपीआइ माले - 01
- राकांपा - 01
- राजद - 01
- अन्य - 02
- मनोनीत - 01
नोट : झाविमो के तीन विधायकों में से बाबूलाल मरांडी भाजपा और प्रदीप यादव कांग्रेस के साथ हैं। एक अन्य विधायक बंधु तिर्की अयोग्य घोषित हो चुके हैं। मनोनीत एक विधायक वोट नहीं दे सकते।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।